ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के किच्छा में हुए दिनेश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक और मोबाइल के लालच में पहले दोस्ती की गई और फिर सुनियोजित तरीके से युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यह मामला 11 जनवरी को किच्छा क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव से जुड़ा था।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान दिनेश पुत्र रूपलाल निवासी मेथी नवदिया, बरेली (उप्र) के रूप में हुई थी। दिनेश काफी समय से रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप में रहकर नौकरी कर रहा था। जांच में पता चला कि वह नौ जनवरी को अपनी बहन को भोजीपुरा छोड़ने गया था और अगले दिन उसका शव किच्छा में बरामद हुआ। मृतक के भाई वीरेंद्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, डिजिटल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। हाईवे पर लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिनमें दिनेश दो युवकों के साथ आता-जाता दिखाई दिया। कैमरों से पहचान के बाद विजय पाल निवासी रसूलपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली और दीपक मौर्या निवासी मिलक, जिला रामपुर को पूछताछ के लिए किच्छा कोतवाली लाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोन फाइल के सिलसिले में हल्द्वानी से भोजीपुरा गए थे। भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के पास शराब की दुकान पर उनकी मुलाकात दिनेश से हुई। दिनेश की महंगी बाइक देखकर उनके मन में लालच आ गया और वहीं पर उसे लूटने व हत्या करने की साजिश रच डाली। दोनों ने दोस्ती का नाटक करते हुए दिनेश को भोजीपुरा से किच्छा तक साथ चलने के लिए मना लिया। रास्ते में उसे अधिक शराब पिलाई और सुनसान जगह पर उससे झगड़ा कर मौका पाकर उसका गला घोंट दिया। बाइक व मोबाइल लेकर फरार हो गए, ताकि वारदात को लूट का रूप दिया जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page