ख़बर शेयर करें -

पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के बालमणा गांव में काम कर घर वापस लौट रहे एक राज मिस्त्री को गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना शाम की है। राज मिस्त्री जब घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह उसकी खोजबीन की तो उसका शव झाड़ियों में मिला। राज मिस्त्री पर गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत है। वन विभाग ने क्षेत्र में टीम तैनात करने के साथ ही पिंजरे भी लगाए हैं। बीते चार महीनों में अकेले पौड़ी रेंज की यह चौथी घटना है।

गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि राज मिस्त्री 48 वर्षीय प्रकाश कुमार निवासी चिवालू ग्राम सभा जामला, सोमवार शाम को काम कर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में उन पर गुलदार ने हमला कर मार दिया। शव मंगलवार को बरामद हो सका। मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा दिया जा रहा है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में टीम तैनात की गई है। गुलदार को नरभक्षी घोषित करने के लिए मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक को पत्र भी भेज दिया गया है। टीम प्रभावित क्षेत्र में चौबीस घंटे गश्त करेगी। वहीं दूसरी ओर गुलदार के इस हमले के बाद बालमणा सहित जामला आदि गांवों में गुलदार की दहशत बनी है। ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भेजने में भी कतरा रहे हैं।

बालमणा में गुलदार के हमले के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब छह घंटे बाद ही शव को उठाने दिया। ग्रामीण सुबह से ही गुलदार को नरभक्षी घोषित कर यहां शूटर तैनात करने और प्रभावित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने संबंधी मांग पर अड़े रहे। सुबह से ही वन विभाग के अफसरों के साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस मौके पर रही। अफसरों के लाख समझाने पर लोग नहीं माने। ग्रामीणों का कहना था कि प्रभावित परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि सक्रिय गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया गया है। साथ ही जो मांग रखी गई है उसको लेकर भी पत्राचार किया जा रहा है। क्षेत्र में टीम के साथ विभागीय शूटर तैनात कर दिए गए है। इधर, कोतवाली प्रभारी जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page