ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मध्य प्रदेश के भोपाल में हुए भीषण सड़क हादसे में चम्पावत जनपद के लोहाघाट क्षेत्र के ग्राम डुंगरी (दिगालीचौड़) निवासी सूबेदार केडी जोशी शहीद हो गए। सेना के ट्रक व बस के बीच हुई भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हुई है। जिनमें दो सेना के जवान हैं। वहीं 10 घायलों को भोपाल हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। घटना भोपाल-गुना हाईवे नंबर 46 पर पीलुखेड़ी के पास की है।
जानकारी के अनुसार आज सोमवार सुबह 10:30 बजे नेशनल हाईवे-46 पर राजगढ़ जिले के पीलूखेड़ी में ओसवाल फैक्ट्री के सामने कमला बस ट्रेवल्स से आर्मी का एक ट्रक टकरा गया था। बताया जा रहा है कि टायर फटने से इंडियन आर्मी का ट्रक बेकाबू हो गया था और बस से टकरा गया। जिसमें कुल पांच लोगों की मौत हो गई। शहीद जवानों में लोहाघाट ब्लॉक के डुंगरी (दिगालीचौड़) के रहने वाले सूबेदार केडी जोशी भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक सूबेदार जोशी झांसी में तैनात थे। जिन्हें अग्निवीरों को ट्रेनिंग देने के लिए भोपाल भेजा गया था। जहां आज सुबह यह दुर्घटना हुई। शहीद सूबेदार जोशी के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव डूंगरी लाया जा रहा है। जिसके कल तक पहुंचने की संभावना है। उनका अंतिम संस्कार पंचेश्वर घाट में किया जाएगा। सूबेदार जोशी के निधन की सूचना से ​परिजनों के साथ ही क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि सूबेदार जोशी अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ झांसी में रहते थे तथा ईएमई में तैनात थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डॉयल 100 और 108 को सूचना दी। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी सहित डॉयल 100 व 108 वाहन पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में से घायलों को बाहर निकाला और भोपाल के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद कई देर रात नेशनल हाईवे 46 पर जाम के हालात भी गए थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page