
नई दिल्ली। नई दिल्ली के नबी करीम इलाके में एक व्यक्ति ने शादी के महज छह दिन बाद अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति मोहम्मद एजाज को बाहरी दिल्ली इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एजाज ने 26 अप्रैल को हल्द्वानी निवासी 24 वर्षीय निशा परवीन से शादी की थी। दोनों लक्ष्मणपुरी स्थित किराए के मकान में रहते थे और पास की एक बैग फैक्टरी में काम करते थे। शादी के कुछ दिन बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दो मई को एजाज ने निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बेड के अंदर छिपाकर कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया। कमरे से बदबू आने लगी। शुरुआत में लोगों ने किसी जानवर के मरने की आशंका जताकर ध्यान नहीं दिया, लेकिन शनिवार को बदबू बढ़ने और एजाज के लंबे समय से नहीं दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के भीतर महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके पिता मोहम्मद हसन को सूचना दी। एसडीएम रिपोर्ट के आधार पर दहेज हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया। एसएचओ गुलशन नागपाल की देखरेख में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

