
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले के दिनेशपुर में एलोपैथिक दवाओं और हिरण के सींग के चूर्ण से शुगर की अवैध दवा बेचने के गोरखधंधे का भंड़ाफोड़ हुआ है। ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम की छापेमारी में मौके से शुगर की नकली दवा बनाने की मशीनें, एलोपैथिक दवा, हिरण के सात सींग व नकली दवाएं मिली हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
दिनेशपुर में एसडीएम गदरपुर ऋचा सिंह ने संयुक्त टीम के साथ एक घर में छापेमारी की। इस दौरान घर में नकली दवाएं बनाने के अवैध धंधे का भंडाफोड़ हुआ। पूछताछ में पता चला कि मूलरूप से पीलीभीत का रहने वाला स्वरूप सिंह शुगर कंट्रोल करने के लिए आयुर्वेदिक दवा बनाकर बेचता है। वह शुगर की एलोपैथिक दवा व हिरण के सींग का चूर्ण बनाकर शुगर की नकली आयुर्वेदिक दवा बनाता था। आरोपी ने बताया कि शुगर की नकली दवा की एक पुड़िया के वह एक हजार रुपये तक वसूलता था। नकली दवा की खेप प.बंगाल व दिल्ली तक जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब पांच वर्ष पूर्व बाइक पर घूमकर दवाएं बेचता था। शुगर की दवा के अवैध धंधे से उसने करोड़ों की संपत्ति बना ली। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खातों से लाखों का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मिला है। मौके से बिना लाइसेंस की विदेशी पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस असलहे की जानकारी जुटा रही है। इसके बाद कानूनी कार्यवाही होगी।

