ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगढ़ की खादर बस्ती में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां बारिश के दौरान सड़क किनारे खेल रहा 6 वर्षीय मासूम बच्चा नाली के 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को पाइप तोड़कर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, नवाबगढ़ की खादर बस्ती निवासी अरमान (6 वर्ष) बारिश के बीच घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक नाली के लिए डाले गए 10 इंच के संकरे पाइप में फंस गया। उसके साथ खेल रहे एक अन्य बच्चे ने तुरंत भागकर अरमान के परिजनों और आस-पास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में जेसीबी मशीन बुलाई गई और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद पाइप को तोड़कर मासूम अरमान को बाहर निकाला गया। परिजन उसे तुरंत उप जिला अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ तीखा विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि हाल ही में बनी नई सड़क का ढाल बेहद तीव्र (ढलान वाला) बनाया गया है, जिसके कारण बारिश में नाली में पानी का बहाव अचानक बहुत तेज हो गया और बच्चा उसमें बहकर पाइप में समा गया। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।

गमगीन परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है। मामले की जानकारी देते हुए विकासनगर के सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर इस पूरी घटना की सघन जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page