ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। हरिद्वार की श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने बबलू हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। मृतक बबलू की 35 वर्षीय पत्नी और नाबालिग बेटी पर हत्या का आरोप लगा है। अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए महिला ने बेटी के साथ मिलकर पति का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया और फिर घटना को आत्महत्या का रूप दे दिया।

पुलिस की जांच के आगे महिला और बेटी की साजिश टिक नहीं पाई। मृतक के नाबालिग बेटे ने सारी सच्चाई बता दी। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, बीती दो अप्रैल को श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम लाहड़पुर निवासी पूजा द्वारा सूचना दी गई कि उसके पति बबलू ने रात को शराब के नशे में कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्म हत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मौके पर प्रकरण संदिग्ध दिखाई दिया।

उसी दिन रात को ही मृतक के भाई राजू ने शिकायती पत्र में भाई की पत्नी, बेटी व एक अन्य युवक पर मिलकर गला घोंटकर हत्या करने के आरोप लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस को मृतक के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने रात में तकिया से मुंह दबाकर पापा की हत्या की है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी महिला के जिस युवक से अवैध संबंध थे, उसने करीब एक माह पहले ही किसी अन्य युवती से शादी कर ली थी। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। महिला इस बात को लेकर भी तनाव में थी और पति को शक होने के बाद विवाद और बढ़ गया था। इसी बात से मृतक की पत्नी परेशान थी। अपने प्रेमी को पाने की चाहत में उसने अपने पति को ही मौत के घाट उतार दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और प्रेमी की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
घटना के दिन बबलू को पहले मां-बेटी ने शराब में नींद की दवाई मिलाकर पिलाया और सुला दिया। इसके बाद फिर चारपाई में दुपट्टों से हाथ पैर बांध दिए और फिर तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अपना जुर्म छिपाने की नीयत से दोनों ने शव को दूसरे कमरे की चारपाई में शिफ्ट किया। मृतक के मुंह में जहरीली दवाई सल्फास का घोल डाल कमरे को बंद कर दिया। अगली सुबह पत्नी ने अपने पति के रात में झगड़ाकर कहीं चले जाने और रात में ही किसी समय आकर जहर खाकर आत्महत्या करने की कहानी बनाई और यही कहानी पुलिस को भी सुना दी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page