
नैनीताल। रामगढ़ ब्लॉक के दियारी गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अज्ञात कारणों से घर में आग लगने से एक युवती की जलकर मौत हो गई। जबकि उसको बचाने पहुंंचे पिता झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक दियारी निवासी गोविंद लाल के मकान के रात करीब 11 बजे एक कमरे में अचानक आग लग गई। उस समय कमरे में उनकी 19 वर्षीय बेटी मीना आर्य मौजूद थीं और वह पास कमरे में खाना खा रहे थे। पुत्री को बचाने में वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को बताया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। क्वारब चौकी पुलिस के एसआई मनोज अधिकारी ने बताया कि आग में गंभीर रूप से झुलसी मीना आर्य को सीएचसी सुयालबाड़ी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आग बुझाने के लिए अल्मोड़ा से अग्निशमन वाहन को बुलाया गया। ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों आनंद राणा, विजय अगारी और गोपाल बष्टि की मदद से मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

