
अल्मोड़ा। गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में समूह-ग भर्ती परीक्षा में एक मुन्नाभाई पकड़ा गया। हरियाणा के अमित की जगह परीक्षा में बैठे साहिल को धरा गया। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जीबी पंत संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी सजीष कुमार पीवी ने तहरीर दी कि संस्थान परिसर में समूह-ग और प्रवर श्रेणी लिपिक पद की लिखित परीक्षा हुई थी। सुबह दस बजे 12 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के दौरान निरीक्षकों को एक परीक्षार्थी की संदिग्ध गतिविधियों पर संदेह हुआ। परीक्षा में कोई व्यवधान न हो, इसलिए टीम ने शांतिपूर्वक परीक्षा समाप्त होने का इंतजार किया। पेपर खत्म होने के बाद जब निरीक्षकों की टीम ने संदेहास्पद युवक को रोककर सख्ती से पूछताछ कर दस्तावेजों की गहन जांच की, तो सच सामने आ गया।
पता चला कि परीक्षा देने आया युवक असल में शाहपुर जींद सिटी, हरियाणा निवासी साहिल पुत्र जसवीर है। वह तारागढ़ किच्छाना कैथल हरियाण निवासी अभ्यर्थी अमित कुमार पुत्र रमेश कुमार के स्थान पर फर्जी तरीके से परीक्षा दे रहा था।

