ख़बर शेयर करें -

देहरादून। एसटीएफ ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से कट्टरपंथी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद सलाउद्दीन गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर का निवासी है। एसटीएफ ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसटीएफ को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की पड़ताल में इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया मंचों पर कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से जुड़े समूहों, चैट और सामग्री मिलने का दावा किया गया है। प्रारंभिक जांच में युवाओं को प्रभावित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने संबंधी गतिविधियों के संकेत भी मिले हैं।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। जांच में हथियारों, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण और उनकी आवाजाही से जुड़ी संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है। इन तथ्यों की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने कुछ चैट और संपर्कों को हटाने की बात भी स्वीकार की है।

मामले में उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है। एसटीएफ की विशेष टीम संभावित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में उत्तर प्रदेश में भी दबिश दे रही है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी को पाकिस्तान से जुड़े एक हैंडलर के जरिये मलेशिया से संचालित किए जाने की आशंका है। किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी संबंधी सूचनाओं की भी जांच की जा रही है। मामले की इंटेलिजेंस को जानकारी दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page