
हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल थाना पुलिस की हिरासत में एक आरोपी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की बात कही गई है। मृतक की पहचान नरेश पुत्र चंद्रभान के रूप में हुई।
बीते सोमवार को रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में 47 वर्षीय नरेश के साथ तीन और आरोपियों को फर्जी जमानत के केस में गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को कोर्ट में पेशी से पहले जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कोर्ट में ‘सरकार बनाम रोशन लाल’ केस की सुनवाई के दौरान चारों आरोपी अलग-अलग लोगों की जमानत के लिए पेश हुए। जांच में पता चला कि ये सभी पेशेवर जमानती हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी उज्जवल सिंह, नरेश प्रताप बहुगुणा, कमलेश, नरेश को गिरफ्तार किया। इधर, एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है।
एसएसपी के अनुसार, एनएचआरसी गाइडलाइन के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन डाॅक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसकी पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी से रिकॉर्ड की गई। अब सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर हैं, जो मौत के वास्तविक कारणों को उजागर कर सकती है। बताया जा रहा है कि नरेश की पत्नी ही घर चलाती थी। नरेश कई बार रात को घर देर से आते थे। वहीं, इस घटना ने पुलिस महकमे और लोगों में भी हलचल पैदा कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रात होने की वजह से बीते सोमवार को चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश नहीं किया जा सका था। इसके अगले दिन यानी मंगलवार को मेडिकल जांच के लिए रोशनाबाद सीएचसी ले जाते समय नरेश की तबीयत अचानक बिगड गई थी। उसने सीने में बहुत दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

