ख़बर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दो कार सवारों के बीच शुरू हुई बहस फायरिंग तक पहुंच गई, जिसमें एक निर्दोष की जान चली गई, जो मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। मृतक की पहचान जाखन निवासी रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6:50 बजे मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो कार सवारों के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर गोली चलाई। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लग गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है।

घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में बैठे लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग घायल हुए हैं।
एसपी सिटी के अनुसार, “ओवरटेकिंग के मामूली विवाद ने गंभीर आपराधिक रूप ले लिया। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page