ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। नैनीताल जिले के नैनीताल, भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में केएमओयू की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर सात घायलों को अस्पताल भेजा। एक मृतक का शव पुलिस के हवाले किया।
पुलिस के मुताबिक जनपद नैनीताल के अंतर्गत भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में आज 27 मार्च 2026 को प्रातः एक सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से समय 07:27 बजे सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी, जिसमें चालक के अनुसार लगभग 15–16 यात्री सवार थे। एसडीआरएफ टीम द्वारा त्वरित एवं कुशलतापूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान 07 घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के उपरांत तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। दुर्भाग्यवश, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। टीम द्वारा अन्य यात्रियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया तथा घटनास्थल पर सर्चिंग की गई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page