ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। मुनस्यारी क्षेत्र के रड़गाड़ी और लासपा के बीच रुपसियाबगड़ मार्ग में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक पिकअप वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर गोरी नदी किनारे जा पहुंचा। हादसे में वाहन में सवार दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चालक सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार वाहन स्वामी कुंदन सिंह पांगती का पिकअप वाहन लास्पा गांव में सामान पहुंचाकर मुनस्यारी वापस लौट रहा था। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। शाम करीब 5 बजे रड़गाड़ी के पास अचानक वाहन का स्टेरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में चालक गिनी बैंड तेजम निवासी जगत मेहता वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसे हल्की चोटें आईं और उसकी जान बच गई। वहीं वाहन में सवार व्यांगी पांगू निवासी 30 वर्षीय मनेंद्र राम पुत्र उमेद राम तथा मूल निवासी नेपाल और हाल निवासी मुनस्यारी 28 वर्षीय प्रकाश वाहन समेत खाई में गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

क्षेत्र में नेटवर्क न होने के कारण सबसे पहले शाम 5:15 बजे आईटीबीपी को घटना की सूचना मिली। इसके बाद मुनस्यारी प्रशासन को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

आईटीबीपी के निरीक्षक विकास मेहरा और जीडी विक्रम, एसडीआरएफ के उप निरीक्षक सुनील चंद तथा पुलिस विभाग के एसआई नीरज चौहान के नेतृत्व में चले करीब आठ घंटे लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से शवों को मुनस्यारी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page