ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर तहसील के एक गांव में एक दिव्यांग की संदिग्ध मौत हुई है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। गांव में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है।
सोमेश्वर तहसील के रस्यारागाव गांव में घास के लिए जंगल जा रही महिलाओं को दीपक पांडे के घर के पास कूड़ेदान के समीप कुंदन राम (43) पड़ा मिला। महिलाओं के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने कुंदन राम को हिलाया तो तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है। मृतक कुंदन के भाई संतोष राम और हरीश राम ने बताया कि 18 जनवरी से कुंदन लापता था। उन्होंने बताया कि शनिवार को गांव में ही कुंदन संदिग्ध अवस्था में मरा मिला। उन्होंने बताया कि कुंदन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के गंभीर निशान है। मृतक कुंदन की दो पुत्रियां और एक पुत्र है। पूर्व में करंट की चपेट में आने से कुंदन का एक हाथ भी कटा हुआ था। दिव्यांग होने के बाद मेहनत मजदूर कर अपना जीवन यापन करता था।
प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी ने कहा कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page