ख़बर शेयर करें -

भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ड्यूटी पर ऊधमसिंहनगर जिले से आए दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में भवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार मेले में ड्यूटी के लिए कैंची धाम पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों ने अभद्रता और मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों आरोपितों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बाबा नीम करौली महाराज के पवित्र धाम में हुई इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page