ख़बर शेयर करें -

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक शख्स ने अपनी मां, पत्नी और बच्चों की निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने गोली मारकर जान दे दी। हालांकि जांच में अभी तक पुलिस को पूरे घर से कोई असलहा नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा थाना क्षेत्र के पल्हापुर गांव में अनुराग सिंह (45) ने रात ढाई से तीन बजे के करीब सबसे पहले अपनी मां सावित्री (62) को गोली मारी, इसके बाद पत्नी प्रियंका सिंह (40) की गोली मारी। इसके अलावा पत्नी के सिर पर हथौड़े से वार किया, ताकि वो जिंदा न बचे। पत्नी के पास हथौड़ा पड़ा भी मिला है।
इसके बाद बेटी अस्वी (12), अर्ना (8) और पुत्र आद्विक(4) को छत से नीचे फेंक दिया। फिर अनुराग ने खुद को गोली मार ली। मृतक अनुराग सिंह के भाई अजीत सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई। उसने बताया कि रात ढाई से तीन बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने कमरे से बाहर आया तो खूनी मंजर देखा।
इसके बाद अनुराग उसे भी मारने के लिए दौड़ा, लेकिन अजीत सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। अगर वह ऐसा नहीं करता तो अनुराग उसे भी मार देता। सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सीओ महमूदाबाद दिनेश शुक्ला ने बताया कि युवक नशे का आदी था। परिवार वाले उसे नशा मुक्त केंद्र ले जाना चाहते थे, इसको लेकर रात में विवाद हुआ। इसके बाद यह घटना हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
सीतापुर के एसएसपी चक्रेश मिश्रा का कहना है, आज मथुरा में रामपुर पुलिस को सूचना मिली कि मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति, जिसका नाम अनुराग सिंह उम्र 45 वर्ष है, ने कथित तौर पर खुद को गोली मारने से पहले अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी है। पुलिस और एफएसएल टीम जांच कर रही है। हर पहलू पर कानूनी कार्रवाई चल रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page