
पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की पोखड़ा रेंज में गुरुवार रात गुलदार चार साल की बच्ची को घर से उठा ले गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को घर से करीब एक किलोमीटर दूर बच्ची का शव मिला।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि पोखड़ा के भतकोट गांव में रात करीब नौ बजे चार साल की दृष्टि रावत अपने घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान एक गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। गुलदार दृष्टि को उठाकर ले गया। इसका पता लगते ही परिजनों ने ग्रामीणों के साथ दृष्टि की तलाश शुरू कर दी। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई और बच्ची को ढूंढने में जुट गई। इस दौरान घर से करीब एक किलोमीटर दूर दृष्टि का शव बरामद हुआ। घटना से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना था कि गुलदार लगातार हमले कर रहा है और विभाग घटनाओं को नहीं रोक पा रहा है।
वन संरक्षक गढ़वाल आकाश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि संभावित खतरे को देखते हुए एक टीम को तैनात किया गया है। इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। पिंजरा भी लगाया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को भी सतर्क रहने को कहा गया है

