ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने 22 वर्षों से फरार 10 हजार रुपए के ईनामी बदमाश को हापुड़ में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध एनसीआर दिल्ली, हरियाणा उत्तराखंड समेत राजस्थान में आधे दर्जन से भी अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा सभी अधीनस्थों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर जनपद में ईनामी/ फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। जिस आदेश के क्रम में प्रकाश चंद्र एसपी सिटी हल्द्वानी तथा नितिन लोहनी सीओ हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक रजत कसना के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा एफआईआर धारा 398, 401 से सम्बन्धित स्थाई वारंटी / ईनामी अभियुक्त नौशाद को बीती रात को नैनीताल पुलिस टीम द्वारा जिला हापुड़ की सिंभावली थाने की टीम के साथ मिलकर सुरागरसी पतारसी कर दबिश दी गई। जिस दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस और फरार अभियुक्त के बीच मुठभेड के दौरान पुलिस ने घायल अवस्था में ईनामी उपरोक्त को नवादा हापुड़ से गिरफ्तार किया गया। उक्त अभियुक्त पिछले 22 वर्षों से लगातार फरार चल रहा था। अभियुक्त के विरुद्ध 10,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे नवादा नहर नया पुल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद पुत्र नूर हसन उर्फ नूरा उर्फ नूर मोहम्मद निवासी मोहल्ला जमाईपुरा बक्सर थाना सिम्भावली जनपद हापुड़ व हाल पता निडोली थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद का रहने वाला है। उसके पास से एक अवैध तमन्चा मय एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, मोटर साइकिल होण्डा साइन 14 डीवाई 9282 भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास लंबा है। हल्द्वानी, पिलखुवा जनपद हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़, थाना गीडवाना जनपद गीडवाना (राजस्थान), थाना सिम्भावली जनपद हापुड़ में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रजत सिंह कसाना, कांस्टेबल अनिल गिरी, सोनू सिंह शामिल थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page