ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर में फर्जी आधार कार्ड के सहारे रह रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही, उसका फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले बहराइच निवासी दुकानदार को भी पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी दुकानदार के पास से कई अन्य फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। हैरान करने वाली बात यह है कि युवक, एक युवती के नाम पर बने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।

यह कार्रवाई बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। चेकिंग के दौरान ऐंचोली चौकी प्रभारी एसआई कमलेश जोशी ने ‘पहचान ऐप’ के जरिए एक संदिग्ध युवक के आधार कार्ड की जांच की। युवक ने अपनी पहचान 19 वर्षीय कमलेश कुमार, निवासी गुमटिहा, थाना मोतीपुर, जिला बहराइच (यूपी) के रूप में दी। संदेह होने पर जब आधार कार्ड के फोटो की गहनता से जांच की गई, तो उसमें किसी युवती की तस्वीर पाई गई। इसके बाद कोतवाली में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कमलेश ने कुबूल किया कि वह मजदूरी के लिए उत्तराखंड आ रहा था, तभी एक व्यक्ति ने उससे 3500 रुपये लेकर यह फर्जी आधार कार्ड बनाया था। इसी के आधार पर वह पिथौरागढ़ में रह रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस की मदद से फर्जी कार्ड बनाने वाले दुकानदार मनीष कुमार गुप्ता को बहराइच से गिरफ्तार कर लिया। उसकी दुकान से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। इस सफलता को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसआई ललित डंगवाल, भूपेंद्र सिंह, सत्येंद्र सुयाल और कमल तुलेरा शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page