
हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी में भाजपा नेता व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान पर हमले और गोलीकांड के मामले में पुलिस ने भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान समेत तीन आरोपियों को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश करने के लिए हरिद्वार लाया गया। भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कनखल थाने में उनके समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की।
पुलिस के अनुसार गत 28 जनवरी को पंजनहेड़ी में जमीन विवाद को लेकर भाजपा के दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान पर हमला किया गया। उनके भाई सतीश चौहान को गोली लग गई थी। इस मामले में पुलिस ने अतुल चौहान, तरुण चौहान पुत्र दीपक, गौरव चौहान पुत्र प्रदीप और अभिषेक चौहान उर्फ सिम्मी पुत्र सुखवीर सिंह निवासी नरूपुर पंजनहेड़ी कनखल के खिलाफ केस दर्ज किया। अतुल चौहान ने कनखल थाने में सरेंडर कर दिया था। अन्य तीन आरोपी फरार थे। तरुण चौहान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। इसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सहारनपुर में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तरुण चौहान की गिरफ्तारी की खबर मिलने पर कनखल थाने में उनके समर्थकों ने पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

