
हल्द्वानी। पुलिस उत्पीड़न, अनावश्यक चालान, लंबे समय से लंबित मांगों और भाड़े में वृद्धि न होने के आरोप लगाते हुए उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ ने कल 20 अगस्त से हड़ताल की चेतावनी दी है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया, चक्का जाम संबंध में परिवहन मंत्री और शासन को नोटिस भेज दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी ने बताया, वर्षों से शासन स्तर पर वार्ता के बावजूद समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकला। उनकी मुख्य मांग है कि सिविल पुलिस, सीपीयू और हाईवे पेट्रोलिंग द्वारा किए जाने वाले अनावश्यक चालान पर तत्काल रोक लगे और यह अधिकार सिर्फ परिवहन विभाग तक सीमित रहे। इसके अलावा कैंची धाम, चारधाम और वीवीआईपी मूवमेंट के नाम पर ट्रकों पर बार-बार प्रतिबंध लगाने से होने वाले सालाना 120 दिन के नुकसान को रोका जाए। बैठक में राकेश जोशी, ललित पाठक, दयाकिशन शर्मा, गिरीश मलकानी, रोहित रौतेला, हरजीत सिंह चड्ढा, नीरज नेगी, जगमोहन उप्रेती, भास्कर जोशी, वीरेंद्र सिंह, हरीश जोशी, राजेश नौलिया, नवीन, अनिल सिंह, करण मनराल सहित अन्य मौजूद रहे।

