ख़बर शेयर करें -

 

 

सितारगंज। उत्तराखंड पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल बदर से संबंध सामने आए हैं। उस पर संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को हथियार सप्लाई करने और बदले में लाखों रुपये लेने का आरोप है।

ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि सिडकुल फेस-2 क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन कार कच्चे रास्ते में फंस गई। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चालक की पहचान 27 वर्षीय हरेन्द्र सिंह उर्फ हनी निवासी बिरिया फार्म, सिसैया और दूसरे युवक की पहचान 27 वर्षीय निखिल उर्फ रानू निवासी केशवनगर, सितारगंज के रूप में हुई। दोनों से दो पोनिया (12 बोर), एक रिवॉल्वर (32 बोर), दो तमंचे (32 एवं 315 बोर), कुल 215 जिंदा कारतूस और 129 खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने कार को सीज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page