
हल्द्वानी। हल्द्वानी के वनभूलपुरा में सोमवार देर रात करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा एसी का आउटर ठीक करते वक्त हुआ। लोगों का आरोप है कि घर के पास खुले में बिजली का पोल था जिससे करंट फैला। वहीं ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने पोल में करंट से इनकार किया है।
वनभूलपुरा के वार्ड 6, लाल मस्जिद निवासी 44 वर्षीय नदीम कार के गैराज में काम करते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात 8:30 बजे के करीब वह एसी की तकनीकी दिक्कत ठीक करने छत पर गए थे। लोगों के अनुसार, घर के पास लगे बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहा था। नदीम उसकी चपेट में आ गए। उनके चीखने पर नीचे से 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा दौड़ती हुई छत पर आई। जैसे ही उसने पिता को बचाने के लिए हाथ रखा वह भी करंट की चपेट में आ गई। आनन-फानन में बिजली काटी गई। परिजन और आसपास के लोग उनको डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि आज पोस्टमार्टम होगा।
उधर, उप खंड अधिकारी मनीष जोशी का कहना है कि जानकारी मिलते ही टीम को जांच के लिए भेजा था। तकनीकी जांच में पोल में करंट नहीं मिला। एसी का आउटडोर पैनल छत पर रखा था, उसकी खराबी से करंट लगने की जानकारी मिली

