ख़बर शेयर करें -

 

देहरादून। उत्‍तराखंड के नैनीताल और बागेश्वर में रविवार को कहीं-कहीं भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी बरसात के आसार हैं। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बारिश होने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 जुलाई को उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। इसके साथ ही पहाड़ी जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

7 जुलाई को भी देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अलर्ट है। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज बदला है, लेकिन बारिश रुकने के बाद उमस भरी गर्मी का सिलसिला भी चल रहा है।

शनिवार को देहरादून में सुबह के समय कहीं धूप निकली तो कहीं बादल छाए रहे। कहीं पर बारिश हुई तो कहीं उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। इसी तरह से दिन के समय भी कुछ इलाकों में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली, लेकिन अधिकांश जगह पर धूप निकलने के चलते गर्मी ने परेशान किया।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 24. 8 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 37.0 और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page