
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गाड़ियों के साथ-साथ नंबर प्लेट का शौक भी अब स्टेटस सिंबल बन चुका है। इस बार आरटीओ की ऑनलाइन नीलामी ने साफ कर दिया कि ‘फैंसी नंबर’ को लेकर लोगों की दीवानगी जरा भी कम नहीं हुई है। UK07HJ सीरीज के वीआईपी नंबरों पर बोली ऐसी चली कि रकम नई नवेली कार के दाम तक पहुंच गई।
नीलामी का सबसे बड़ा आकर्षण रहा UK07HJ 0001 नंबर। इस नंबर को आलोक पुंडीर ने 13 लाख 74 हजार रुपए में खरीदकर सबको चौंका दिया। इससे पहले देहरादून में HC सीरीज का 0001 नंबर 13 लाख 77 हजार में बिका था, लेकिन इस बार भी 0001 का क्रेज बरकरार रहा।
सिर्फ 0001 ही नहीं, दो और नंबर ऐसे रहे जिन पर बोली लाखों में पहुंची। UK07HJ 0003- शहजाद अहमद ने इस नंबर के लिए 4 लाख 87 हजार रुपए खर्च किए।UK07HJ 0007- यह नंबर 3 लाख 66 हजार रुपए की बोली पर बिका।
इस बार आरटीओ ऑक्शन में कुल 27 फैंसी नंबर बोली के लिए रखे गए थे। इनमें कुछ दिलचस्प सौदे भी सामने आए।
UK07HH 0999 – जय भगवान एजुकेशनल सोसाइटी ने इसे 10 हजार रुपए में खरीदा।
UK07HJ 0999-Venor Pharma Limited ने 32 हजार रुपए में यह नंबर अपने नाम किया।
UK07HJ 7000- दीपक यादव ने 1 लाख 51 हजार रुपए में लिया।
UK07HJ 7777- उत्कर्ष भंडारी ने इस नंबर पर 1 लाख 80 हजार रुपए खर्च किए।
आरटीओ ऑक्शन के ये आंकड़े बताते हैं कि अब लोग सिर्फ महंगी गाड़ियां ही नहीं, बल्कि नंबर प्लेट पर भी दिल खोलकर खर्च करने लगे हैं। 0001, 0003 और 0007 जैसे नंबरों के लिए लाखों की बोली इस बात का सबूत है कि फैंसी नंबर अब एक तरह का ‘ब्रांड वैल्यू’ बन चुके हैं। एक बार फिर देहरादून की इस नीलामी ने साबित कर दिया कि गाड़ी जितनी खास, नंबर उतना ही रॉयल चाहिए।

