
रुद्रपुर। एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबों से भरा एक गोदाम पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में किताबें नकली प्रतीत हुई हैं। इनकी कीमत करीब चार करोड़ रुपए आंकी गई है। गोदाम सील कर जांच की जा रही है।
रुद्रपुर पुलिस ने किताबों से भरा एक ट्रक पकड़ा। जांच में बिल संदिग्ध लगे। इसके बाद ट्रक ड्राइवर की निशानदेही पर रात में पुलिस, तहसील प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम ने कीरतपुर स्थित गोदाम पर छापा मारा। गोदाम में कक्षा एक से 12 तक की किताबों का भंडारण था। प्रथमदृष्टया एनसीईआरटी की किताबें नकली लगीं। पता चला कि ट्रक के जरिए किताबों की खेप मेरठ भेजी जा रही थी। पता चला कि उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना समेत कई राज्यों में इनकी सप्लाई हो रही थी। पुलिस ने गोदाम मालिक से पूछताछ की। तहसीलदार दिनेश कुटोला ने बताया कि ट्रक और गोदाम को सीज कर दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि एनसीईआरटी मुख्यालय को पत्र लिखकर जांच के लिए टीम भेजने का अनुरोध किया है।

