
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट के भंडारी गांव में शनिवार देर शाम आंगन में खेल रहे दस साल के मासूम को गुलदार उठा ले गया। घटनास्थल से 200 मीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का शव मिला।
जानकारी के अनुसार गंगोलीहाट बाजार से करीब 10 किमी दूर भंडारी गांव में भगवान राम का परिवार रहता है। शाम करीब पांच बजे उनका बेटा रियांशु आंगन में खेल रहा था। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक से उस पर झपट्टा मारा और उठाकर ले गया। यह देखकर परिजन और ग्रामीण गुलदार के पीछे भागे। कुछ देर बाद उनको झाड़ियों में रियांशु का शव मिला। कोतवाल कैलाश जोशी ने बताया कि सूचना पर वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची।
रियांशु प्राथमिक विद्यालय खेतीगांव में चौथी का छात्र था। रियांशु का एक 12 वर्षीय भाई दिव्यांशु भी है।

