
अमरोहा। कार चलाते समय नींद की झपकी आने पर बेकाबू कार पेड़ से टकरा गई। अमरोहा-कांठ रोड पर गांव कोठी खिदमतपुर के पास हुए हादसे में कार सवार दादा-पौत्र की मौके पर ही मौत हो गई और परिवार के चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को घर ले गए। पुलिस ने इत्तेफाकिया हादसा दर्ज किया है।
मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के थाना सल्ट क्षेत्र के गांव खटल निवासी ललित सिंह रावत परिवार के साथ दिल्ली के रोहिणी में रहते हैं। वह दिल्ली में एक कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी सुनीता रावत, बेटा चित्रहार्थ और बंटी हैं। उन्होंने गांव से पिता प्रेम सिंह रावत व माता मधु देवी को भी दिल्ली ही बुला लिया था। गुरुवार रात वह दिल्ली से अल्मोड़ा अपने पैतृक गांव जा रहे थे। परिवार के सभी लोग कार में सवार थे। कार ललित रावत चला रहे थे। देर रात करीब तीन बजे अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में कांठ रोड पर गांव कोठी खिदमतपुर के पास ललित को कार चलाते समय नींद की झपकी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 65 वर्षीय प्रेम सिंह रावत व चित्रहार्थ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर गश्त कर रहे मुनव्वपुर चौकी प्रभारी अभिनव मलिक पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में थाना पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए दादा-पोते के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर रात में ही अल्मोड़ा से अन्य परिजन भी अमरोहा पहुंच गए। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शवों को घर ले गए। वहीं घायलों को भी रेफर कराकर अपने साथ अल्मोड़ा ले गए। इस बारे में सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना के बाद परिजन मौके की ओर रवाना हो गए। परिजनों का कहना था दोनों की मौत से परिजन सदमे में है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

