
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्ततम राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक गैंगस्टर की गोली मारकर हत्या कर दी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए।
मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह कुख्यात अपराधी था और उसके खिलाफ झारखंड समेत अन्य राज्यों में 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. इनमें हत्या, रंगदारी और गैंगवार जैसे गंभीर मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि विक्रम का संबंध झारखंड के एक बड़े आपराधिक गिरोह से रहा है और वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ये घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है. विक्रम शर्मा मॉल परिसर में स्थित जिम से बाहर निकल रहा था, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलियां लगते ही विक्रम शर्मा मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. वहीं हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद घटना स्थल से फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनते ही मॉल और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है.
प्राथमिक तौर पर पुलिस इस घटना को गैंगवार या आपसी रंजिश का परिणाम मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर देहरादून में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

