
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के दिनेशपुर निवासी एक किसान के बैंक खातों से साइबर ठगों ने 1.52 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। साइबर थाना पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दिनेशपुर के वार्ड नंबर-2, मोतीपुरा बुक्सौरा निवासी स्वरूप सिंह पुत्र मोहन सिंह के एक्सिस बैंक की दिनेशपुर शाखा में दो बचत खाते हैं। उन्होंने हाल ही में जमीन बेचने के बाद दोनों खातों में बड़ी रकम जमा की थी। 22 जुलाई तक दोनों खातों में कुल 1 करोड़ 82 लाख 96 हजार 183 रुपये जमा थे। साइबर थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि 21 से 25 जुलाई तक स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। 22 से 27 जुलाई के बीच उनके खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और एटीएम के माध्यम से 1 करोड़ 52 लाख 56 हजार 98 रुपये निकाल लिए गए। 27 जुलाई को बैंक प्रबंधक ने उन्हें सूचना दी कि 22 जुलाई को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक्सिस मोबाइल ऐप सक्रिय की गई थी, जबकि उन्होंने स्वयं ऐसा नहीं किया था। उन्होंने अजय, सोनू और मनजीत कौर पर संदेह जताते हुए 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई है। साइबर थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

