ख़बर शेयर करें -

देहरादून। विकासनगर के भोजावाला में पांच लोगों ने एक युवक का घर से अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्होंने अपहृत युवक की मां से फोन पर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। अपहृत युवक के परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को बरामद कर लिया।

वहीं, अपहरण करने वाले पांच आरोपियों को भी धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नशे के आदी लोगों को टारगेट करते हैं। उन्हें नशे के मामले में जेल भेजने की धमकी देकर फिरौती वसूलते हैं। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि भोजावाला निवासी पुष्पा देवी पत्नी स्व. सुरेश पुंडीर ने पुलिस को तहरीर दी।

उन्होंने बताया कि एक कार में कुछ युवक उनके घर पहुंचे। वे जबरन घर में घुस गए। उन्होंने उनके बेटे शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की। उसे कार में बैठाकर ले गए। बताया कि आरोपियों ने स्वयं को किसी संगठन से जुड़ा बताया था। उनके साथ एक युवती भी थी। जिसने बताया कि उन्हें अजयपाल ने भेजा है। पुष्पा देवी ने बताया कि घटना के बाद उनको कई कॉल आए। कॉल करने वाले ने एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो युवक को वापस नहीं भेजा जाएगा। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर अगवा युवक की तलाश के लिए टीमों का गठन किया। जांच के बाद देर रात अपहृत शक्ति पुंडीर को विकासनगर क्षेत्र से सकुशल तलाश लिया। पुलिस ने वारदात में शामिल पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनकी पहचान विकास बैरागी पुत्र सतपाल बैरागी निवासी पंजाबी बाग हकीकत नगर पुलिस लाइन सहारनपुर, नीरज पुत्र मदन निवासी माईकोटा थाना नागर जिला सहारनपुर, प्रवीन पुत्र प्रीतम सिंह निवासी वार्ड नं. तीन पहाड़ी गली विकासनगर, सचिन पुत्र शांति प्रसाद निवासी लेन नंबर तीन आदर्श कॉलोनी लाइन जीवनगढ विकासनगर और नवीन पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी ग्राम डांडा वार्ड नंबर- 15 डाकपत्थर विकासनगर के रूप में हुई है। कोतवाल गुसाईं ने बताया कि गिरफ्तार नशे के आदी लोगों को अगवा करने के बाद ब्लैकमेल करके फिरौती वसूलते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page