ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में 13 साल की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने किशोरी के प्रेमी, उसकी मां सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्राम प्रधान पति सहित तीन आरोपी फरार हैं।

किशोरी से चार युवकों ने पहले सामूहिक दुष्कर्म किया। प्रेमी को जब ये पता चली तो उसने क्रोधित होकर पहले अपने घर में उसे पीटा फिर हाईवे पर लाकर वाहन के आगे उसे फेंक दिया, जिससे हत्या को दुर्घटना दर्शाया जा सके। एसएसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। आईजी गढ़वाल की तरफ से 25 हजार का इनाम दिया जाएगा।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने हत्याकांड का राजफाश किया। एसएसपी ने बताया कि सोमवार की तड़के एक किशोरी का शव पतंजलि के पास हाइवे पर मिला था। शाम को परिजनों ने उसकी पहचान की थी।
पीड़िता की मां ने दो आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पांच टीमें गठित की गई। इंस्पेक्टर भावना कैंथोला, बहादराबाद एसओ नरेश राठौड़ ने अलग-अलग टीमों के साथ पड़ताल की। सामने आया कि किशोरी छह माह से आरोपी अमित सैनी के संपर्क में थी। उसे बहला-फुसला कर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण कर रहा था।
एसएसपी ने बताया कि 23 जून की रात किशोरी का परिचित नितिन साजिश के तहत अपने दोस्त निखिल पांचाल, तुषार उर्फ भोला व एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर उससे दुष्कर्म की योजना बनाई। उससे संपर्क कर मिलने बुलाया। शिवगंगा विहार तिराहा से नितिन और निखिल उसे बाइक लेकर गए। तुषार उर्फ भोला व उसका दोस्त मौसम हाईवे पर मिले।

दो बाइकों पर पांचों उसे बोंगला बाइपास रोड पर ले गए, जहां उन्होंने बियर पी। इसके बाद उसे हरकी पैड़ी क्षेत्र में ले गए और फिर वापस आकर रोहालकी जाने वाले रोड पर सुनसान जगह नितिन और निखिल ने दुष्कर्म किया। तुषार और मौसम दुष्कर्म करने वाले थे, तभी कुछ लोगों के आने की आहट पर भाग निकले। नितिन, निखिल उसे बाइक पर देर रात घर के पास छोड़कर भाग निकले। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता अपने प्रेमी अमित सैनी के घर पहुंची। घर पर अमित के पिता मदन पाल सैनी, मां शशि देवी, बहन रूबी सैनी भी थी। किशोरी ने उसे अपने साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के बारे में बताया तो वह भड़क गया। घर में उसे पीटा। परिजनों ने नाबालिग होने से सभी के फंसने के डर से किशोरी को पीटकर घर से भगा दिया। जाते समय सिर लोहे के गेट पर लगने से घायल हो गई।
घायल होने के बाद किशोरी जब घर से जा रही थी तो अमित ने उसे रास्ते हटाने की योजना बनाई। उसका पीछा कर रास्ते में पकड़ लिया। हत्या करने के मकसद से उसे दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर पतंजलि रिसर्च इंस्टिट्यूट के सामने ले गया। अंधेरे का फायदा उठाकर रुड़की से हरिद्वार जाने वाले अज्ञात वाहन के सामने धक्का देकर अंधेरे में खड़ा रहा। उसकी मौत होने के बाद वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी अपने चचेरे भाई प्रधान पति आदित्य सैनी को भी बताई।
एसएसपी ने बताया कि 24 जून की सुबह किशोरी की मां प्रधानपति आदित्य राज सैनी के पास पहुंची। उसने सबकुछ जानते हुए भी मौत के साक्ष्य व जानकारी को छुपाते हुए पीड़िता को गुमराह कर पुलिस के पास न जाने की सलाह दी। अपने स्तर से उसकी तलाश करने की बात कहकर भेज दिया। पूरे घटनाक्रम पर नजर रखता रहा। पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं दी और तथ्यों को छुपाया है। बताया कि फरार आरोपी आदित्य राज सैनी, अमित के पिता मदनपाल सैनी, उसकी बहन रूबी सैनी की तलाश की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page