ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। हरिद्वार के रुड़की में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती में कोर विश्वविद्यालय से आगे दो बाइक सवारों को एक बस ने कुचल दिया। इतना ही नहीं बस 40 मीटर तक दोनों को घसीटते हुए ले गई। इससे एक किशोर समेत दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि जब हादसा हुआ तो वह बस के पीछे ही चल रहे थे। हादसा होता देख उन्होंने बस रुकवाई, और दोनों को सिविल अस्पताल भिजवाया। लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। डॉक्टरों ने शवों को मार्चरी में रखवा दिया है। मृतकों की पहचान मन्नान (19) और शादाब (17) निवासी गढ़ी संघीपुर, लक्सर के रूप में हुई है।
वहीं, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि बस के नीचे आने से करीब 40 मीटर तक दोनों घिसटते हुए गए तो देखते ही राहगीरों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम भी माैके पर पहुंच गई। बताया कि उत्तराखंड रोडवेज परिवहन की बस को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page