ख़बर शेयर करें -

गोपेश्वर। ऑनलाइन गेमिंग और ट्रेडिंग की लत के शिकार 15 वर्षीय 10वीं के छात्र ने दो दोस्तों की मदद से गोपेश्वर में अपने ही घर से करीब 40 लाख रुपये के गहने चोरी करवा दिए। घटना के वक्त आरोपी देहरादून में था और उसने वीडियो कॉल से चोरी कर रहे दोस्तों की मदद की। एसपी सर्वेश पंवार ने मामले का खुलासा किया।

एसपी ने बताया कि 31 अक्तूबर को एक महिला ने गोपेश्वर में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला 29 अक्तूबर को बेटे और बेटी से मिलने देहरादून गई थी। उनकी बेटी देहरादून में पढ़ती है और नैनीताल के बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाला बेटा दीवाली की छुट्टियों में बहन के पास आया हुआ था। महिला का देहरादून में सहस्त्रधारा रोड पर फ्लैट है।
महिला के अनुसार 30 अक्तूबर की सुबह किराएदार ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। वे गोपेश्वर पहुंची तो देखा की घर और उनकी सास के कमरे में बने स्टोर के लॉकर के ताले टूटे थे। लॉकर और एक छोटी अटैची में रखे गहने गायब थे। इनकी कीमत 35-40 लाख रुपये बताई गई।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज पुलिस उपाधीक्षक संजय गर्ब्याल के नेतृत्व में टीमों का गठन किया। पुलिस ने सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो नाबालिगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि महिला का बेटा ही घटना का मास्टरमांइड है। उसकी ने चोरी की साजिश रची थी। चोरी के समय वह वीडियो कॉल पर जुड़ा हुआ था। उसी ने गहनों तक पहुंचने में मदद की। पुलिस ने आरोपी को देहरादून से संरक्षण में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग तथा ट्रेडिंग कर रहा था। साथ ही उसे महंगे शौक भी थे। इसके लिए उसने काफी लोगों से पैसे उधार लिए थे। तीनों नाबालिगों से चोरी का माल बरामद कर लिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page