ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के शीशमहल रेलवे फाटक के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने पांच साल के बच्चे के लिए दूध लेने दुकान जा रही थी। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।

काठगोदाम थाना क्षेत्र के शीशमहल स्थित रेलवे फाटक निवासी साहब सिंह ने बताया कि वह रेलवे के आईडब्ल्यूएस विभाग में चौकीदार के पद पर हैं। उन्होंने अपनी बेटी ज्योति (28) की शादी यूपी के बदायूं जिले के उझानी से की थी। वर्तमान में ज्योति अपने मायके में रह रही थी। पुलिस से मुताबिक रविवार की रात ज्योति अपने पिता को काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर खाने का टिफिन देने गई थी। वहां से लौटकर जब घर पहुंची तो उसके पांच साल के बेटे ने बिस्किट और दूध की जिद करनी शुरू कर दी। ज्योति बच्चे को घर छोड़कर दुकान पर दूध लेने चली गई। इसी समय रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ज्योति का बायां हाथ शरीर से अलग हो गया था। सूचना पर पहुंची सिटी पेट्रोलिंग यूनिट के त्रिलोक सिंह के मुताबिक महिला को तुरंत एसटीएच भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काठगोदाम पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page