ख़बर शेयर करें -

देहरादून। रिलायंस ज्वैलरी शोरूम डकैती मामले में 13 दिन बाद पुलिस ने एक डकैत को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार में एक गोपनीय स्थान से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कई साथी भी मौके पर पुलिस को मिले। आरोपी समेत उनसे भी गोपनीय स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

बीते नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति दून में थीं। इसी दिन शाम को गृहमंत्री अमित शाह भी यहां आए थे। इसी दिन दिनदहाड़े राजपुर रोड पर हुई इस बड़ी डकैती के मामले में पुलिस अब तक मुख्य आरोपी के रिश्तेदारों और साथियों तक ही पहुंची थी। दावा किया गया कि यह डकैतों की मदद करने वाली टीम में शामिल थे। पुलिस की कई टीम अब भी बिहार और इसके आसपास के राज्यों में दबिश जारी रखे हुए थीं। इसी बीच बुधवार को पुलिस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बिहार में डेरा जमाने वाली टीम ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अभिषेक उर्फ अखिलेश उर्फ गांधी निवासी वैशाली बिहार के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी लूट के दौरान ज्वैलरी शोरूम के भीतर कर्मचारियों से अपने बैग में गहने भरवा रहा था। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि लूट की घटना में चार बदमाश अंदर घुसे थे। एक बाहर कार में बैठकर रेकी कर रहा था। इनमें एक आरोपी हत्थे चढ़ गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
एक आरोपी के गिरफ्तार होते ही दून पुलिस ने बिहार में अपनी सख्ती बढ़ा दी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने बिहार के पटना, हाजीपुर, वैशाली, जहानाबाद, सीतामढ़ी, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान बदमाशों के बारे में कुछ सुराग हाथ लगे हैं।
डकैती की घटना होते ही पुलिस को वैशाली के गैंग के शामिल होने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद से लगातार पुलिस ने बिहार में डेरा डाला हुआ है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र झारखंड समेत कई राज्यों में पुलिस ने दबिश दी। पर जैसे ही गैंग के बिहार के वैशाली का होने की सूचना मिली तो वहां पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page