ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। सल्ट के मरचूला-पौड़ी एचएच पर सड़क से 200 मीटर की दूर में छह माह पूर्व लापता युवक का कंकाल मिला है। कंकाल जीवई पौड़ी निवासी युवक का बताया जा रहा है। पूछताछ में सामने आया है कि युवक दिल्ली में काम करता था। परिजनों ने दिल्ली में ही गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।

शनिवार को वन विभाग की टीम मरचूला-पौड़ी एनएच पर गश्त पर थी। इस दौरान सड़क से 200 मीटर दूर एक नर कंकाल दिखाई देने से वन कर्मियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग कर्मियों ने इसकी सूचना मरचूला चेकपोस्ट पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में ले लिया। छानबीन की तो कंकाल के पास पेड़ से एक रस्सी लटकी हुई मिली। सड़े गले कपड़ों में से एक आधार कार्ड मिला। इसमें श्रवण सिंह उम्र 32 वर्ष, ग्राम जीवई पौड़ी गढ़वाल नाम-पता लिखा हुआ था। पुलिस ने पते पर पूछताछ की तो पता चला कि श्रवण दिल्ली में काम करता था और वहीं रहता था। छह माह पूर्व वह लापता हो गया था। उसकी गुमशुदगी उन्होंने दिल्ली में ही दर्ज करवाई थी। वह यहां कब व कैसे आया इसकी कोई जानकारी नहीं है। वहीं, छह माह बाद युवक का कंकाल मिलने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप है।
आधार कार्ड के आधार पर फिलहाल कंकाल को श्रवण सिंह का माना जा रहा है। पुलिस इसको लेकर आश्वस्त नहीं है। संभावना है कि कंकाल किसी और का भी हो। इसके लिए पुलिस कंकाल की डीएनए जांच करेगी। सूचना पर परिजन देवायल अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक पेड़ के पास रस्सी लटकी हुई है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद चल जाएगा। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page