
लालकुआं। लालकुआं स्थित सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। मिल में ड्यूटी के दौरान बिंदुखत्ता निवासी 34 वर्षीय श्रमिक मोहन राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद जहां मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के तिवारी नगर प्रथम निवासी मोहन राम (उम्र 34 वर्ष) रोज की तरह सुबह करीब 8:00 बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए सेंचुरी पेपर मिल निकले थे। वह मिल के भीतर काम कर रहे थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि हालत इतनी तेजी से खराब हुई कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला और कंपनी परिसर के अंदर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस पूरे मामले में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का आरोप है कि मोहन राम की मौत सुबह या दोपहर के वक्त ही हो चुकी थी, लेकिन कंपनी प्रबंधन या संबंधित लोगों द्वारा उन्हें इसकी सूचना शाम को करीब 5:00 बजे दी गई। जब घबराए परिजन आनंद-फानन में हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचे, तो वहां मोहन राम का शव मोर्चरी में रखा हुआ था। शव देखते ही पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार निकल गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोहन राम बेहद मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी असामयिक मृत्यु से पूरा बिंदुखत्ता क्षेत्र स्तब्ध है। फिलहाल युवाओं और परिजनों में इस बात को लेकर भी आक्रोश और संशय है कि मिल परिसर के भीतर अचानक ऐसा क्या हुआ जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

