ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। निकटवर्ती ग्राम निवासी एक युवक व उसकी बुआ को सांप ने काट लिया। जिससे उनकी मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सभा नायकगोठ निवासी 19 वर्षीय सुजल टम्टा पुत्र सुरेश टम्टा और उसकी बुआ रेखा देवी पत्नी भगवान राम उम्र 47 साल निवासी बोहरागोठ को तड़के कमरे में घुस सांप ने काट लिया। जब उन पर सांप ने हमला किया, वे दोनों गहरी नींद में थे। सांप के काटने से वे अचानक चिल्लाए। जिस पर परिजनों को इस बात की जानकारी हुई कि दोनों को सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें आनन फानन में उपचार के लिए खटीमा ले गए। जहां से चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया और हायर सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में सुजल व उसकी बुआ रेखा देवी ने दम तोड़ दिया। कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि दोनों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्यवाही की जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल ने बताया कि परिजनों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वार्ता कर शोक संवेदना व्यक्त की गई है। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और उचित मुआवजा दिए जाने के लिए वन क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के महेश अधिकारी ने बताया कि वन विभाग की टीम द्वारा घटना स्थल पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी एकत्रित की जा रही है। सर्प दंश की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मृतक युवक दयानन्द इंटर कालेज टनकपुर का 11वीं का छात्र था। बताया गया है कि युवक को सांप ने दाहिने हाथ पर काटा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page