ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। रुड़की जेल से बुधवार को लक्सर कोर्ट में पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर जा रहे गैंगस्टर विनय त्यागी को बाइक सवार दो हमलावरों ने फ्लाईओवर पर गोली मार दी। गोली लगने से गैंगस्टर त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। हमलावरों की तलाश में पुलिस पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चला रही है।

मेरठ के जागृति विहार निवासी गैंगस्टर विनय त्यागी पिछले 12 दिन से रुड़की जेल में बंद था। उसे 12 दिसंबर को देहरादून से रुड़की जेल लाया गया। लक्सर की अदालत में उसके खिलाफ कार और ज्वेलरी की लूट का एक मामला चल रहा है। इसमें बुधवार को उसकी वी वारंट पर पेशी होनी थी। इसके लिए चार पुलिसकर्मी एक गाड़ी से विनय त्यागी को लक्सर कोर्ट में लेकर आ रहे थे।

लक्सर में फ्लाईओवर पर जाम लगा था। पुलिस की गाड़ी भी जाम में खड़ी थी। तभी एक बाइक पर दो युवक कार के बराबर में पहुंचे और उसकी खुली खिड़की से भीतर बैठे विनय त्यागी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कुछ समझ पाती इतने में बाइक सवार हमलावर हथियार लहराकर फरार हो गए। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र के साथ ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गैंगेस्टर विनय त्यागी के हाथ में एक और सीने पर दो गोलियां लगी हैं। इस वारदात में दो पुलिसकर्मी भी घायल हैं। सभी का हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस क्षेत्र में नाकाबंदी कर चेकिंग कर रही है। एसआई नरेंद्र सिंह रतवाल की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा में मौजूद अभियुक्त और पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने तथा सरकारी वाहन को क्षति पहुंचाने की धाराओं में लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page