ख़बर शेयर करें -

द्वाराहाट। अल्मोड़ा के द्वाराहाट से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां नायल गांव में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक बिहारी मजदूर की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार द्वाराहाट नगर से 18 किमी दूर नायल गांव में जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले मजदूर एक मकान में रहते थे। मृतक बेचू आलम अंसारी और आरोपी रमाकांत कुमार व भुवन ठाकुर तीनों ही बिहार के बेतिया जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। गुरुवार रात तीनों मजदूरों ने अधिक शराब पी और मुर्गे का मांस बनाया। इसी दौरान मीट को लेकर बेचू आलम और रमाकांत के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते उनमें मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर रमाकांत ने पास में रखे लोहे के पाइप से बेचू के सिर पर कई वार किए। इससे बेचू का माथा फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी भुवन ठाकुर ने घबराकर पास के एक घर में मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। जब तक वह वापस लौटा तबतक रमाकांत का नशा कुछ हद तक उतर चुका था। दोनों ने घबराहट में शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और पास के खेत में छोड़ आए। सुबह ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप और शव बरामद कर लिया है। पहाड़ की शांत वादियों में हुई इस जघन्य हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page