ख़बर शेयर करें -

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार देर रात करीब तीर्थयात्रियों की बस 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के समीप हुए हादसे में 26 यात्री घायल हो गए। एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय दीपा निवासी हल्दूचौड़ हल्द्वानी के रूप में हुई है। तीन गंभीर घायल हैं। एक को हेड इंजरी होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची। एसपी अर्पण यदुवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि देर रात साढ़े 10 बजे तक चले रेस्क्यू कार्य के बाद बस में सवार सभी 27 यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। बस ऊधमसिंह नगर में पंजीकृत है। बस में सवार यात्री गंगोत्री के दर्शन कर उत्तरकाशी लौट रहे थे। बस में सवार 26 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को पहले भटवाड़ी पीएचसी में उपचार दिया गया। रेस्क्यू अभियान का समन्वय कर रहे खंड विकास अधिकारी भटवाड़ी अमित ममगाईं ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को जिला अस्पताल उत्तरकाशी के लिए रेफर किया गया है। बाकी घायलों की स्थिति ठीक है।
पुलिस के अनुसार, चालक ने ढलान में बस के ब्रेक नहीं लगने की बात कही है। ड्राइवर ने बस को रोकने के प्रयास किए, लेकिन बस खाई में जा गिरी। गिनीमत रही कि सड़क से नीचे पेड़ पर बस अटक गई। इस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उत्तरकाशी के डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि रेस्क्यू कार्य पूरा हो गया है। दुर्घटना स्थल से छह एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page