ख़बर शेयर करें -

जसपुर। राजस्थान गई ऊधमसिंहनगर जिले के जसपुर की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव राजस्थान के पाली जिले में मिला है। बताया गया है कि महिला अपने पति के साथ खाटू श्याम गई थी। सूचना मिलने पर परिजन राजस्थान पहुंच गए हैं। वहीं, महिला के पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए साजिशन हत्या करने का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।

जिला बिजनौर के थाना रेहड़ के ग्राम उदयपुर निवासी वर्षा रानी पुत्री यशपाल सिंह की शादी नौ साल पहले जसपुर निवासी युवक से हुई थी। बुधवार को महिला के पिता ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनकी 30 वर्षीय बेटी वर्षा और दामाद 13 जून को खाटू श्याम घूमने गए थे। 17 जून को उनकी छोटी पुत्री रीना की वर्षा से फोन पर बात हुई थी। उसके बाद उसका नंबर बंद हो गया। बुधवार को उन्होंने दामाद से फोन कर जानकारी ली तो उसने बताया कि वर्षा मंगलवार शाम 6 बजे से लापता है। वहीं, बुधवार को राजस्थान के पाली जिले के सोजत थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक महिला का शव मिला। उसके सीने में दो गोली लगी थी। पुलिस ने सूचना देकर शव की शिनाख्त कराई तो उन्होंने वर्षा की शिनाख्त की। राजस्थान जाने से पहले यशपाल ने कोतवाली जसपुर में पुत्री की हत्या की आशंका जताते हुए उसके ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। पिता यशपाल ने बताया कि वर्षा के दो बच्चे हैं। कहा कि वह बेटी के ससुरालियों पर हत्या का केस दर्ज कराएंगे। वहीं कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पिता ने पुत्री की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला का शव राजस्थान में मिला है, इसकी अपुष्ट सूचना मिली है। राजस्थान पुलिस ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page