
रुद्रपुर। लूडो खेलने से मना करने पर एक युवक ने 27 वर्षीय शाहनवाज के सिर पर पीछे से ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शाहनवाज को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई फरमान की तहरीर पर आरोपी गोलू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
वार्ड 18 खेड़ा निवासी फरमान पुत्र आबिद ने बताया कि 12 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद शाहनवाज ईदगाह मैदान में गया था। वहां वह आजम, कासिम, वसीम, अरमान, चांद समेत अन्य युवकों के साथ लूडो खेल रहा था। इसी दौरान वार्ड 18 खेड़ा निवासी गोलू पुत्र स्व. शाहिद अली उर्फ दद्दा वहां पहुंचा और लूडो खेलने को कहा। आरोप है कि शाहनवाज ने उम्र में छोटा बताते हुए उसके साथ खेलने से मना कर डांटकर जाने को कहा। कुछ देर बाद गोलू दोबारा वहां पहुंचा और पीछे से शाहनवाज के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। वह लहूलुहान होकर मौके पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपी फरार हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर कर आईसीयू में भर्ती किया गया था। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

